Wednesday, 19 February 2025

बच्चों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति

लेख
रुचि की कलम से 
बच्चों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति 

आज समाचार पत्र में पढा कि एक बच्चा जो महज शायद ग्यारह बारह वर्ष का है । उसे घर में उसके माता पिता ने किसी बात पर डांटा , वो बच्चा घर से निकल गया । उम्र देखिए आप उस बच्चे की । वो बच्चा भिलाई , अपने घर से साइकिल पर निकल आया और राजनांदगाँव तक पहुंच गया । पुलिस वालों ने उस बच्चे को जब रोता अकेले देखा तो पताशाजी में जानकारी मिली और उस बच्चे को घर तक पहुंचाया गया । ये अच्छा हुआ कि समय रहते वह बच्चा अपने घर पहुंच गया , वरना न जाने आगे क्या हो जाता , हम सोच ही नहीं पाते । 
इस समाचार को पढ़ कर मेरे मन में अनेक सवाल आने लगे है । हम हमारे बच्चों को क्या सीख दे रहे है । क्या हमारे समाज ,  घर - परिवार , विद्यालय , आसपास का वातावरण इतना ज्यादा खराब हो चुका है ? क्या आज के समय में हम अभिभावक अपने बच्चों को किसी चीज के लिए रोक टोक नहीं सकते , क्या हम अपने बच्चों को डांट भी नहीं सकते ? बच्चों का व्यवहार इतना ज्यादा आक्रामक और क्रोधित होते जा रहा है कि वो किसी की भी नहीं सुन रहे । यह चिंता का विषय है । एक शिक्षक होने के नाते बच्चों को बहुत करीब से मैं देखती हूं । आज सामान्यतया पालको का यही कहना रहता है कि बच्चे सुनते नहीं है । बच्चे यदि माता पिता , शिक्षकों की नहीं सुनते तो आखिर बच्चे सुनते किसकी है । या समय के रहते क्या हम अभिभावक बच्चों को नहीं समझ रहे । आज का वातावरण और जब हम छोटे थे , उस समय में काफी बदलाव आया है । आज के बच्चों को हम स्मार्ट बच्चे बोल सकते है । बच्चे आज सवाल करने से पहले ही जवाब तय कर लेते है । तकनीकी ने जिस तरह हमारे जीवन को सरलता प्रदान की है उसी तरह तकनीक के प्रयोग से बच्चे आगे बढ़ रहे है । अभिभावक , शिक्षक होने के नाते हमारा कर्तव्य है कि हमारे बच्चे तकनीक का उपयोग सही तरीके से कर रहे है कि नहीं ये हमारी जिम्मेदारी है । बच्चों को सही गलत का फर्क बताना ये हमारी जिम्मेदारी है । बहुत से लोगों को कहते सुना है कोरोना काल के बाद बच्चों के व्यवहार में बहुत बदलाव आये है । और ये सच भी है । पर बच्चे तो अपने है , राष्ट्र का भविष्य है । उनको सही दिशा प्रदान करना , ये भी हमारा ही कार्य है । अभिभावक , शिक्षक समाज सब मिल कर एक ही दिशा में यदि कार्य करें तो निश्चित ही सफलता प्राप्त होगी । आप सभी से एक आग्रह अपने बच्चों पर ध्यान दे । पाबंदी न लगाये पर पहरेदारी पूरी करे क्योंकि एक पौधे को बढ़ने के लिए पानी के साथ धूप तथा सही रख रखाव की भी जरुरत होती है । बच्चे भी ऐसे ही है उन्हें सिर्फ स्नेह की ही नहीं समझाईस की भी जरुरत है । वक्त रहते समझाना बहुत जरुरी है ताकि बच्चा हाथ से न निकले । आज अगर हम तकनीकी सुविधा बच्चों को उनके उत्तम भविष्य के लिए दे रहे है तो यह भी जरुरी है कि हम बच्चों की निगरानी भी करें । बच्चों को अपना समय दो , उनसे बात करो ताकि बच्चा किसी भी बात को बिना हिचकिचाहट आपसे साझा कर सके । उम्मीद है ये छोटा सा लेख किसी के काम आये ,  तो मेरा लिखना सार्थक है ।

रुचि श्रीवास्तव 
शिक्षिका

No comments:

Post a Comment