Wednesday, 5 June 2024

गुरु पूर्णिमा

💐 गुरु पूर्णिमा 💐

अवसर है छाया
मन को है भाया
गुरु पूर्णिमा का
मनभावन
दिन है आया

गुरु की महिमा का 
गान करे हम
चलो मिलकर गुरु का
सम्मान करे हम

गुरु ने दिया हमें 
ज्ञान के मोती
अंधकार में जैसी 
जलायी हो ज्योति 

गुरु ने सिखाया
सही गलत की पहचान
बुराई हो जैसे 
दो पल की मेहमान

गुरु की सीख जैसे 
गागर में सागर
गुरु की प्रीत जैसे 
मां का प्यारा आंचल 

गुरु के चरणों की
 वंदन करे हम
 सब मिल अपने गुरु का
अभिवंदन करे हम
अभिवंदन करें हम

Tuesday, 4 June 2024

वक्त

वक्त की बात है
आता सबका है
कभी जल्दी
कभी देरी से ही सही
पर आता सबका है

लोग सोचते है
हमारा ही बुरा वक्त है
पर ऐसा नहीं है
कभी कभी ये कहना कि
सब गलत हो रहा
हो सकता है
कुछ अच्छा हो जाये
हो सकता है
कुछ  ऐसा हो जाये कि
जिंदगी ही बदल जाये
कह नहीं सकते
अगले पल क्या हो जाये
जिंदगी भी शांत
समंदर के जैसे है
लगता है अब ठहराव
आ गया है
उसी समय एक लहर
आकर सब कुछ
वापस उस शांत समंदर के
अंदर ले जाता है
नहीं जानते न हम
उस समंदर की गहराई को
कितना गहरा होगा वो
वैसे ही जैसे
होता है एक स्त्री का मन
नहीं पता चलता
क्या चल रहा होगा
एक स्त्री के मन में
कईयों को हमेशा
कहते सुना है
कि स्त्री को अपने
परदे मे रहना चाहिए
परदा मतलब एक लाइन
जो समाज ने खींच रखी है
वो नहीं चाहता
एक स्त्री अपने आप को जीये
वो नहीं चाहता
एक स्त्री की आजादी
अगर कोई स्त्री
आजाद होकर जीना
या रहना चाहे
तो समाज उसे कई नामों
से पुकारने लगता है
उसे अनकहे अनेक नाम
दे देता है
अपने अस्तित्व के लिए
हरदम लड़ती स्त्री
चारदिवारी में भी
न सुख मिलता
कभी कभी न
सोचने मजबूर हो जाती हूं
क्या है एक स्त्री का जीवन
क्या संघर्षों का जीवन
जीने ही एक स्त्री का
जन्म होता है
समझ से थोड़ा परे है
कुछ लोग कहते है
आजकल की औरतें
काफी आधुनिक हो गई है
तो गलत क्या है
हमारा समाज एक पुरुष को
कई प्रकार की छूट दे रखा है
और एक स्त्री के लिए
कई प्रकार के नियम
खैर मैं मानती हूं
छूट चाहे किसी स्त्री को दे
या पुरुष को
मर्यादा दोनों के लिए
बराबर होनी चाहिए
अपने संस्कार का भार
केवल नारी को नहीं
बल्कि दोनों को
समान रुप से सीखना चाहिए
और अपनी आने वाली पीढ़ी को
समझाना चाहिए
एक दूसरे पर बोझ न बनकर
एक दूसरे के साथ होना चाहिए
समझना है
वक्त की मांग है
नहीं तो न जाने
आगे क्या होगा
वक्त रहते हमें ही
समझना और समझाना है
वरना वक्त चला गया तो
पीछे तकलीफ और मलाल के
कुछ हाथ नहीं आने वाला
सही वक्त का इंतजार मत करो
जो वक्त है
उसी से सही काम करो
बाकी वक्त तो है ही
वो हमेशा बताता है
क्या सही है और क्या गलत

Saturday, 1 June 2024

मेरी बस्तर यात्रा

वैसे तो मैं बस्तर पहले भी कई बार जा चुकी हूँ । पर इस बार सोचा अपने अनुभव को शब्दों में पिरोकर आप सभी से साझा करुं । छत्तीसगढ़ का सबसे खूबसूरत क्षेत्र  , जो चारो ओर सुंदर हरे भरे वनों से ढका  ,  जहां प्रचुर मात्रा में वन औषधि के भंडार है । पहाड़ , झरनों की तो मानों गिनती ही नहीं है । दुर्गम आदिवासी बहुल क्षेत्र , जो अपनी खूबसूरती को खुद ही बयां करती है । तो हमारी बस्तर यात्रा शुरु होती है केशकाल घाटी से । 
केशकाल घाटी , बिल्कुल अपने नाम की ही तरह । केश अर्थात् बाल । गुथे हुए बालों की चोटी की तरह घुमावदार यह सुंदर केशकाल घाटी की पर्वत श्रेणी , जो बस्तर को दूसरे  इलाकों से जोड़ती है । केशकाल घाटी में बारह घुमावदार घाटी है , जिसे पार कर हम केशकाल शहर में प्रवेश करते है । फिर शुरु होती है बस्तर की यात्रा । वैसे बस्तर को दो भागों में बांट दिया गया है । उत्तर बस्तर तथा दक्षिण बस्तर । इस क्षेत्र में एक इलाका और भी पडा़ जिसका नाम है बस्तर ।  यह बस्तर गाँव पहले  एक छोटा सा इलाका हुआ करता था पर बस्तर का यह बस्तर गाँव काफी विस्तृत हो गया है । खैर आप कभी बस्तर जाये तो आपको यह बस्तर गाँव रास्ते पर जरुर नजर आ जायेगा । 
तो हम अपनी यात्रा में पहले जगदलपुर पहुंचे । जगदलपुर में आपको अपनी सुविधानुसार कई होटल मिल जायेंगे , जहां पर आप आराम से रह सकते है । हमने आठ घंटे की सफर तय कर जगदलपुर पहुंचे थे तो लाजमी था थकान का होना इसलिए हमने रात में थोडी़ प्लानिंग ही कर डाली कि कल अगले दिन सुबह हमें कहाँ जाना है । होटल में रात खाना खाने के बाद थकान की वजह से हम जल्दी ही सो गये । 
बस्तर जाये और मां दंतेश्वरी का जिक्र न हो , ऐसा कभी हो सकता है । तो हमने अगले दिन सुबह की शुरुआत की जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर से । मंदिर प्रांगण में पूजा के सामानों के बहुत से दुकान लगे थे हमने भी नारियल , फूल लिया और मंदिर में दर्शन के लिए प्रवेश किया । मंदिर में ज्यादा भीड़ नहीं थी इसलिए माता जी के दर्शन बहुत अच्छे से मैने किया । वैसे जगदलपुर के पैलेस में यह मंदिर स्थित है । सुरक्षा कारणों से पैलेस घूम नहीं सकते सिर्फ मंदिर के दर्शन ही कर सकते है । मंदिर के बाहर हमने बस्तर दशहरा में उपयोग होने वाले विशाल रथ को देखा , जो एक स्थान पर सुरक्षित रखा गया था । मंदिर दर्शन के बाद हम निकले सीधे दंतेवाडा़  । मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए । जगदलपुर से दंतेवाडा़ की दूरी लगभग चौरासी किलोमीटर करीब है । प्रकृति के करीब होने का अहसास ही निराला है । चारों तरफ हरियाली , खूबसूरत जंगल , पहाड़ देखते हम दंतेवाडा़ पहुंचे । अरे बताना रह गया , रास्ते में हमने गीदम का सप्ताहिक बाजार भी देखा । जहां छोटे बडे सभी दुकानें सजी थी । और हां हमने एक घेरे में मुर्गा लडा़ई भी देखी । तो हम चलते है मां दंतेश्वरी मंदिर । यहां थोडी़ भीड़ थी तो हम लाइन में ही आगे जाते गये । मंदिर का प्राचीन रुप पहले की ही तरह । सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर मां की मूर्ति , लगा मानों जीवंत हो जाये । मां दंतेश्वरी के दर्शन पश्चात आसपास के मंदिर के दर्शन भी किये । मंदिर के आसपास निर्माण कार्य अपनी गति पर चल रहा है । पर माता का गर्भगृह अपने पुराने रुप में ही है । मँदिर प्रांगण में प्राचीन मूर्तियां भी विद्यमान  है ।
मां दंतेश्वरी के दर्शन के बाद हम निकले बारसूर की ओर । बारसूर में कई छोटे मंदिर है , जिनकी अपनी अलग ही कहानी है । लेकिन बारसूर में गणेश मंदिर , मामा भाँजा मँदिर तथा बत्तीसा मंदिर प्रसिद्ध है । गणेश मंदिर का निर्माण ग्यारहवीं , बारहवीं शताब्दी के समय नागवँशी राजाओं ने कराया था । यहां गणेश की दो प्रतिमाएँ स्थित है । इसी तरह मामा भांजा मंदिर में गणेश और विष्णु भगवान की प्राचीन मूर्तियाँ है । बत्तीसा मंदिर में शंकर भगवान स्थापित  है तथा यहाँ बत्तीस खंभो में मंदिर का निर्माण हुआ है । यहां सभी स्थल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के देखरेख में रखी गयी है । बारसूर के बाद हम चित्रकोट जलप्रपात के लिए निकले । बारसूर से चित्रकूट पास पड़ता है पर सुरक्षा कारणों की वजह से हम वापस जगदलपुर आकर ही चित्रकूट के लिए निकले । बारसूर के रास्ते में मैने अनुभव किया , एक शांत जंगल , सन्नाटों से भरा सूना रास्ता । खैर हम जगदलपुर वापस आकर फिर चित्रकूट गये । 
स्त्री सौंदर्य का प्रतीक चित्रकूट जलप्रपात , अपनी सुँदरता की कहानी स्वयं ही कहती । जो देख ले मन में बसा ले । पहाडों से इठलाती आती इँद्रावती नदी जब झरने का रुप लेकर गिरती है सच कहूं मन में एक अलग ही आनंद दे जाती है । चित्रकूट पहुंचते हमें शाम हो गयी थी और अचानक से मौसम भी बदल गया था । फिर क्या था हवा के साथ बारिश का मजा भी चित्रकूट की सुंदरता को और बढा़ रहा था ।